मेपकास्ट में विश्व पर्यावरण दिवस का सफल आयोजन
मेपकास्ट में “ग्लोबल वार्मिंग और अभिनव पर्यावरण संरक्षण के उपाय” विषय पर एक व्यावहारिक कार्यशाला (हैंड्स-ऑन वर्कशॉप)
पर्यावरण को बचाने विद्यार्थियों ने लिए पांच संकल्प
मेपकास्ट द्वारा पूरे प्रदेश में पैतीस सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
भोपाल, 5 जून, 2025 – मध्य प्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (MPCST) में आज “विश्व पर्यावरण दिवस” बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन परिषद् के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी जी के प्रेरणादायक वक्तव्य के साथ हुआ। अपने संबोधन में, डॉ. कोठारी ने सभी उपस्थित विद्यार्थियों को घर के अंदर और बाहर, पर्यावरण की रक्षा के लिए पांच संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत “विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण को कैसे बचा सकते हैं” की थीम पर आधारित एक पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ हुई, जिसमें कुल 35 विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के महत्व को दर्शाया। इसके पश्चात, “ग्लोबल वार्मिंग और अभिनव पर्यावरण संरक्षण के उपाय” विषय पर एक व्यावहारिक कार्यशाला (हैंड्स-ऑन वर्कशॉप) आयोजित की गई, जिसकी विशेषज्ञ मिस नीलू थीं। इस कार्यशाला में बच्चों ने विभिन्न प्रयोगों के माध्यम से यह जाना कि कैसे उनके छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यशाला के दौरान, समुद्र में अम्ल की बढ़ती मात्रा के प्रभावों को समझाने के लिए एक रोचक प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया। इसमें एक अंडे और सिरके का उपयोग करके यह बताया गया कि कैसे सिरका अंडे की कैल्शियम परत को घोल देता है, ठीक उसी तरह जैसे समुद्र में अम्ल की मात्रा बढ़ने पर हमारी समुद्री जैव विविधता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
इसके उपरांत, पर्यावरण संरक्षण पर एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, तथा मिट्टी से पॉटरी बनाने की कार्यशाला का भी आयोजन हुआ जिसकी विधि बच्चों को पॉटरी विशेषज्ञ श्री अशोक भारद्वाज ने सिखाई। इस कार्यशाला में सभी बच्चों ने अलग-अलग तरीके से पॉटरी बनाना व उसकी बनाने की विधि सीखी।
कार्यक्रम के समापन पर परिषद् के वैज्ञानिकों डॉ प्रवीण दिघर्रा, इंजी. विकास शेन्डे, डॉ. सुनील गर्ग, श्री पंकज गोधारा ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के लिए पांच महत्वपूर्ण प्रण दिलाए। बच्चो ने खुद ही यह पांच प्राण तय किये –
- घर में अनावश्यक बिजली नहीं जलाएंगे |
- जितना आवश्यक हो उतना ही खाना थाली में लेंगे |
- अनावश्यक पानी नहीं बहायेंगे |
- स्वच्छता बढ़ाने आसपास का कचरा डस्टबिन में ही डालेंगे |
- अपने आसपास के लोगों को पर्यावरण संरक्षण हेतु जागृत करेंगे | प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और सभी बच्चों को एक-एक पौधा भी भेंट किया गया, ताकि वे घर जाकर अपने नाम से एक पौधा लगा सकें और उसकी देखभाल कर सकें।
यह पूरा कार्यक्रम मेपकास्ट के साइंस पॉपुलराइजेशन प्रभाग और सेंटर फॉर क्रिएटिव लर्निंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया | यह कार्यक्रम पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवा पीढ़ी को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित करने में मील का पत्थर साबित हुआ।










