पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने एक कड़ा जवाब देते हुए “ऑपरेशन सिंदूर” को अंजाम दिया। इस अभियान में पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया। खास बात यह रही कि इस मिशन का नेतृत्व दो बहादुर महिला सैन्य अधिकारियों कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने किया।
Table of Contents
Toggleभारतीय सेना दुनिया को दे रही है साफ संदेश – ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सेना के साहस और पराक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा- भारतीय सेना अब केवल सीमा पर नहीं, बल्कि दुश्मन के घर में घुसकर जवाब देती है। पूरी दुनिया को यह संदेश गया है कि भारत अब किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं करेगा। साथ ही कहा कि यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस फैसले का परिणाम है जिसमें उन्होंने सेना को खुली छूट दी।
सेना को मिला मंत्रिमंडल का सम्मान
डिप्टी सीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने कैबिनेट बैठक में भारतीय सेना के शौर्य को सलाम किया और प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने विपक्ष की आलोचना पर पलटवार करते हुए कहा- जहां देश की सुरक्षा का सवाल हो, वहां राजनीति नहीं होनी चाहिए। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा, इसलिए ऐसी बयानबाज़ी कर रहा है।
कर्नल सोफिया भारत की बेटी हैं – असीम अरुण
बदायूं में मीडिया से बात करते हुए यूपी सरकार के मंत्री असीम अरुण ने कर्नल सोफिया कुरैशी की सराहना की। उन्होंने कहा- कर्नल सोफिया भारत की बेटी हैं। उन्होंने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। सेना के जवान वर्दी पहनते ही जाति-धर्म से ऊपर उठ जाते हैं। असीम अरुण ने यह भी कहा कि पाकिस्तान अब युद्ध लड़ने की हालत में नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर से पहले ही आतंकियों को खत्म कर दिया गया। अब हर हमले का जवाब दुश्मन को उसी की ज़मीन पर मिलेगा।










